नवाबगंज। करवा चौथ त्योहार को लेकर नगर के मुख्य बाजार में खासी रौनक देखने को मिल रही है। त्योहार की खरीदारी के लिए सुबह से ही महिलाएं दुकानों पर पहुंच रही हैं। बाजार में पूजा सामग्री, करवा, छलनी, श्रृंगार के सामान समेत त्योहार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है।

त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही अपनी दुकानों पर तैयारियां पूरी कर ली थीं। बाजार में महिलाओं की बढ़ती भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। खरीदारी का सिलसिला लगातार जारी है। दुकानदारों को इस बार अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।

दुकानदार प्रमोद राठौर, आलोक भारद्वाज, रितेश कुमार, आदेश राठौर और कल्याण सिंह राजपूत ने बताया कि करवा चौथ को लेकर उन्होंने पहले से ही सभी तैयारियां कर ली थीं। त्योहार नजदीक आते ही बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। महिलाएं अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार सामान खरीद रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, बाजार में सभी तरह के सामान उपलब्ध हैं और ग्राहकों को खरीदारी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।