कीचड़ और जलभराव से ग्रामीणों का निकलना दूभर, सड़क निर्माण व पुलिया मरम्मत की उठाई मांग

समस्याओं का समाधान न होने से ग्रामीणों में आक्रोश, भारतीय किसान यूनियन राष्ट्र शक्ति ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

हरदोई

भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र शक्ति) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ0 उमाशंकर के निर्देशानुसार विकासखंड टड़ियावां और हरदोई क्षेत्र की बदहाल सड़कों एवं जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई है। संगठन ने आरोप लगाया कि लंबे समय से समस्याओं का समाधान न होने के कारण किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र शक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी उमाशंकर यादव के निर्देशन में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हर्षकुमार सिंह की ओर से दिए गए मांगपत्र में बताया गया कि विकासखंड टड़ियावां के अंतर्गत टड़ियावां-लिलवल रोड से ग्राम कोड़रा स्थित ग्रामसभा सड़िला की पुलिया तक मार्ग कच्चा है। बरसात में इस मार्ग पर करीब पांच फीट तक पानी भरने से आवागमन बाधित हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। संगठन ने पुलिया की मरम्मत कराकर पक्की सड़क बनवाने की मांग की है।

वहीं ग्रामसभा गढ़ी में मजरा नौवा खेड़ा से कोड़रा तक पुलिया और इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई गई है। कच्चा रास्ता होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने जिलाधिकारी से जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराकर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है।

इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सरोज कुमार व ब्लॉक उपाध्यक्ष मनोज कुमार सदस्य सुमन अनीता अन्य दर्जनों मौजूद रहे