- दानमंडी गांव में दो एलईडी, बैटरी, इन्वर्टर, मॉनिटर और सोलर प्लेट चोरी
- पुलिस जांच में जुटी
जहानगंज, फर्रुखाबाद ।थाना क्षेत्र के दानमंडी गांव में चोरों ने पंचायत घर को निशाना बनाते हुए वहां रखा इलेक्ट्रॉनिक और सौर ऊर्जा से जुड़ा सामान पार कर दिया। अगली सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। मामले में ग्राम प्रधान पति अजय दीक्षित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 28 तारीख की शाम करीब 7 से 8 बजे तक पंचायत घर में सब कुछ सामान्य था। इसके बाद जब अगली सुबह पंचायत घर पहुंचकर देखा गया, तो वहां रखा सामान गायब मिला। चोरी हुए सामान में दो एलईडी, दो बैटरी, एक इन्वर्टर, मॉनिटर और सोलर प्लेट शामिल हैं।
चोरी की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पति अजय दीक्षित ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पंचायत सहायक के पद पर नियुक्त अंशिका दीक्षित की ओर से जहानगंज थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
इस संबंध में जहानगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत भवन में चोरी की इस घटना से सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही चोरी की परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

