पति की लंबी उम्र के लिए व्रत की तैयारी कर रही थी पत्नी, हादसे ने उजाड़ दिया सुहाग
दो मंजिला मकान की छत पर फोन से बात करते समय बिगड़ा संतुलन, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हरदोई पाली। करवा चौथ के पर्व की खुशियों के बीच पाली कस्बे से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिस पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए पत्नी व्रत रखने की तैयारियों में जुटी थी, उसी पति की अचानक मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। कस्बे के रामनगर मोहल्ले में दो मंजिला मकान की छत से गिरकर डबलू कुशवाहा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर मोहल्ला निवासी डबलू कुशवाहा अपने मकान की दूसरी मंजिल की छत पर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरे। तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो डबलू गंभीर हालत में पड़े मिले।
परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
करवा चौथ से पहले उजड़ा सुहाग, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे ने पत्नी शशि को गहरा सदमा पहुंचाया है। पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखने की तैयारियां कर रही शशि को क्या पता था कि त्योहार से पहले ही उसका सुहाग उजड़ जाएगा।
घटना के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे रामनगर मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस अचानक हुई मौत से स्तब्ध हैं।

