नवाबगंज, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला नादी में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला और उसके तीन बच्चों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की तहरीर पर थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नगला नादी निवासी आरती देवी पत्नी धर्मपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे वह अपने पुत्र जगमोहन, आयुष और पुत्री राधिका के साथ गांव में आयोजित एक दावत में जा रही थीं। इसी दौरान गांव के ही बदन सिंह, सुधीर कुमार, संदीप सिंह और मोहित पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।
आरती देवी और उनके बच्चों ने विरोध किया तो चारों आरोपियों ने एकराय होकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान लात-घूंसे और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। घटना में आरती देवी और उनके तीनों बच्चे घायल हो गए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद आरती देवी ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बुधवार को नगला नादी निवासी बदन सिंह, सुधीर कुमार, संदीप सिंह और मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
