फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इसमें जिले में नशीली दवाओं और नारकोटिक्स के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने, युवाओं को जागरूक करने और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

बैठक में समाज कल्याण, आबकारी, पुलिस, अभियोजन, शिक्षा, चिकित्सा, वन, कृषि और परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, समितियों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां और संवाद आयोजित किए जाएं।

नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज मुकदमों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने पुलिस, अभियोजन और आबकारी विभाग को प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा अभियोजन से जुड़ी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा गया।

शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

चिकित्सा विभाग को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करने और प्रतिबंधित व नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आबकारी विभाग को आबकारी दुकानों की सघन जांच करने और नशे के बढ़ते इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नशीली दवाओं तथा नारकोटिक्स के खिलाफ समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि जिले में नशे के दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।