केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। मंगलवार को उन्होंने हाईवे निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार को लेकर ठेकेदारों, कंसल्टेंट्स और अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। गडकरी ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
गडकरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की निगरानी के लिए अब नेटवर्क सर्वे व्हीकल (NSV) से मिलने वाली रिपोर्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस तकनीक की मदद से सड़कों की स्थिति, गड्ढों और निर्माण की गुणवत्ता का आकलन किया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन से चार महीनों में वह करीब 700 से 800 परियोजनाओं की समीक्षा कर चुके हैं। इससे सड़क निर्माण में खामियों की पहचान करना पहले के मुकाबले आसान हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित निगरानी के कारण अब अधिकारी और ठेकेदार सड़क की वास्तविक स्थिति छिपा नहीं सकते। उन्होंने ठेकेदारों, कंसल्टेंट्स और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही करने वालों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उनके मुताबिक, सड़कों की गुणवत्ता की नियमित जांच से खराब निर्माण और रखरखाव संबंधी समस्याओं पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।
गडकरी ने अपने सख्त तेवर दिखाते हुए चेतावनी दी, “जहां बेईमानी होगी, वहां ऐसा ठोकूंगा कि जीवन भर याद रखोगे।” उनके इस बयान का संदेश सड़क परियोजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। अब नेटवर्क सर्वे व्हीकल की रिपोर्ट के आधार पर परियोजनाओं की समीक्षा और निगरानी कितनी प्रभावी साबित होती है, इस पर नजर रहेगी।

