बड्डूपुर बाराबंकी
कस्बे के खीझना मोड़ के पास सड़क किनारे बने गहरे नाले में गिरने से 37 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला बाजार में कपड़ों की खरीदारी करने आई थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, परिवार की इस त्रासदी ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान शाहपुर निवासी रिंकी पत्नी राकेश रावत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रिंकी जरूरी कपड़े खरीदने के लिए बड्डूपुर कस्बे के बाजार आई थीं। इसी दौरान खीझना मोड़ के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरीं। रिंकी के पति राकेश रावत रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब में मजदूरी करते हैं। दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। मां की अचानक मौत और पिता के विदेश में होने से बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब इस दुखद घटना से उबरने के साथ बच्चों की परवरिश की भी बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

