फर्रुखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांसखेड़ा के मजरा पैलानी दक्षिण में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आग लगने से आधा दर्जन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग में हजारों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, अनाज और घर-गृहस्थी का सामान जल गया। पीड़ित परिवारों ने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कौसर के घर में उनकी पत्नी रूबी खाना बना रही थीं। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवारों को सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका।
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, कुछ महीने पहले हुई शादियों में मिला दहेज का सामान भी आग में जल गया। कौसर के 10 हजार रुपये नकद, सोने के जेवर और घरेलू सामान जल गया। तारिफ ने करीब एक लाख रुपये के सामान के नुकसान की बात कही। वहीं, विधवा इसरातन के छह हजार रुपये, जो उन्हें विधवा पेंशन के रूप में मिले थे, सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जल गया। ताहिर का करीब 40 हजार रुपये, राजू का 55 हजार रुपये और साजिद का लगभग 75 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है। आग में नकदी, जेवर, कपड़े, घरेलू सामान, अनाज और भूसा पूरी तरह जलकर राख हो गए।
आग लगने और नुकसान की सूचना पीड़ितों ने ग्राम प्रधान जुबेर खान को दी। ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए मौका मुआयना कराने की बात कही। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आगजनी की जानकारी अधिकारियों को दी और पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

