सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा, ग्रामीण के हटने से टला बड़ा हादसा

नवाबगंज। थाना क्षेत्र के सिरौली चौराहे पर मंगलवार शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर परचून की दुकान के बाहर लगे टिनशेड के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टिनशेड नीचे गिर गया और दुकान के बाहर बनी दीवार भी टूट गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई।

सिरौली चौराहे पर गुंजन गुप्ता की परचून की दुकान है। दुकान के बाहर टिनशेड लगा हुआ है। मंगलवार शाम नगला इंद्र निवासी डब्ल्यू सिरौली अपने काम से चौराहे पर आए थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल स्टार्ट की और तेजी से बाइक लेकर गुंजन गुप्ता की दुकान की तरफ बढ़े। बाइक अनियंत्रित होकर दुकान के बाहर लगे टिनशेड के खंभे से टकरा गई। टक्कर लगते ही टिनशेड नीचे गिर गया और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुकान के बाहर लगे टिनशेड के पास एक ग्रामीण खड़ा है। तभी अचानक सामने से तेज रफ्तार बाइक आती है और टिनशेड के खंभे से टकरा जाती है। टक्कर के कारण टिनशेड नीचे गिर जाता है और दीवार टूट जाती है। गनीमत रही कि बाइक की चपेट में आने से पहले ग्रामीण ने बाइक को अपनी ओर आते देख लिया और तुरंत वहां से हट गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गया।