फुटपाथ पर अतिक्रमण से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, कार्रवाई न होने से बढ़ रही परेशानी

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। नगर के मुख्य चौराहे पर बुधवार दोपहर करीब 3 बजे भीषण जाम लग गया। फर्रुखाबाद मार्ग, मुख्य बाजार मार्ग, मंझना मार्ग और मोहम्मदाबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, स्कूलों की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे भी जाम में फंस गए, जिससे उन्हें घर पहुंचने में देरी हुई।

अंशुल राठौर, आयोग सिंह, शिव राज कुमार, रंजीत सिंह, राम कुमार, राज कुमार और अश्विनी कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि नगर में फुटपाथों पर दुकानदारों का अतिक्रमण यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। दुकानों के बाहर सामान रखे होने और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो जाता है। ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ते ही मुख्य चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है।

लोगों के मुताबिक, नगर पंचायत की ओर से कई बार अतिक्रमण हटाने की बात कही गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। इसका खामियाजा राहगीरों, स्कूली बच्चों और बाजार आने वाले लोगों को भुगतना पड़ता है।

अतिक्रमण हटाने और जाम से निजात दिलाने की मांग

मुख्य चौराहे पर लगने वाले जाम से लोगों का समय बर्बाद हो रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों से फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा मुख्य चौराहे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को रोजाना की इस परेशानी से राहत मिल सके।