नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच; जान बचाकर भागा पीड़ित

अमृतपुर

थाना राजेपुर क्षेत्र में मेले से घर लौट रहे युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने रास्ते में घेरकर युवक पर लाठी-डंडों, थप्पड़ों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह जान बचाकर मौके से निकले पीड़ित ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त तहरीर के अनुसार, गांव राजेपुर राठौरी निवासी गुड्डी देवी पत्नी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि उनका पुत्र गौरव 4 नवंबर 2026 को मेला देखने गया था। रात करीब 12 बजे घर लौटते समय पड़ोसी सचान उर्फ आशीष पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह, प्रबल प्रताप पुत्र राघवेंद्र सिंह, महिपाल सिंह उर्फ एमपी पुत्र सुरेंद्र सिंह तथा कुछ अन्य लोगों ने उनके पुत्र को घेर लिया।

आरोप है कि सभी ने मिलकर गौरव के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और थप्पड़ों से मारपीट की तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गौरव को गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान सचान उर्फ आशीष द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकलने में सफल रहा।घायल की मां गुड्डी देवी ने थाना राजेपुर पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।