क्रासर
विद्युत लाइन कटवाकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर पाया काबू, समय रहते सतर्कता से टला बड़ा हादसा
फर्रुखाबाद। शहर के लाल गेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड परिसर में बने बिजली घर में देर रात शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। बिजली घर से आग की लपटें उठने की जानकारी मिलते ही रोडवेज विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। गनीमत रही कि कर्मचारियों की सतर्कता और समय रहते उठाए गए कदमों से बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात लाल गेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड परिसर में बने बिजली घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बिजली घर के अंदर आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही रोडवेज कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने बिना देर किए बिजली की आपूर्ति बंद कराने के लिए विद्युत लाइन कटवाई, ताकि आग बुझाने के दौरान करंट की चपेट में आने का खतरा न रहे।
विद्युत आपूर्ति बंद होने के बाद कर्मचारियों ने बिजली घर का गेट खोलकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इससे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, आग बुझाने के कुछ ही देर बाद बिजली घर के पास लगे ट्रांसफार्मर से जोर-जोर से चिंगारियां निकलने लगीं। ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलती देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को आशंका सताने लगी कि कहीं ट्रांसफार्मर में भी आग न लग जाए।
रोडवेज बस स्टैंड जैसे व्यस्त स्थान पर बिजली घर में आग लगने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। यदि समय रहते बिजली की आपूर्ति बंद नहीं कराई जाती और कर्मचारी तत्परता नहीं दिखाते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने की घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग से बिजली घर में कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

