ससुरालीजन घर से गायब मिले, कमरे में पड़ा था महिला का शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों को घर में उसका शव पड़ा मिला, जबकि ससुरालीजन मौके से गायब थे। मृतका के भाई ने पति पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जनपद कन्नौज के थाना कन्नौज क्षेत्र के गांव भूलभुलियापुर निवासी अशोक कुमार ने अपनी 31 वर्षीय पुत्री मंजू देवी की शादी वर्ष 2013 में मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती निवासी कुंवर पाल के पुत्र नीरज के साथ की थी।
मृतका के भाई आलोक ने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बहन की मौत होने की सूचना दी। इसके बाद परिजन रात करीब 10:30 बजे नगला मोती पहुंचे तो घर पर कोई ससुरालीजन नहीं मिला। बहन का शव कमरे में पड़ा हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर डायल 112 पुलिस और पखना चौकी प्रभारी निरीक्षक बलवीर सिंह ने मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आलोक का आरोप है कि बहनोई नीरज अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि बुधवार को भी मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मृतिका की 10 वर्ष की पुत्री अंशिका, व 8 वर्ष का पुत्र आरव है।
हत्या का आरोप मायके पक्ष की ओर से लगाया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

