- एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड होगा विवरण
लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित नए पोर्टल को शुरू करने की सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों का विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
सूचना निदेशालय के सभागार में मंगलवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार किए गए पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, दस्तावेजों का सत्यापन करने और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में सूचना निदेशालय के मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को योजना का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कराकर संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा में की गई कार्रवाई की जानकारी मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

