2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य, यातायात नियमों के पालन पर रहेगा जोर

लखनऊ: राजधानी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। रिजर्व पुलिस लाइंस में पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार, डीसीपी मध्य एवं यातायात अर्पित विजयवर्गीय, एडीसीपी यातायात राघवेंद्र सिंह, एडीसीपी लाइंस राजेश कुमार यादव और संभागीय परिवहन अधिकारी प्रभात पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

400 बाइक सवारों ने निकाली जागरूकता रैली

यातायात जागरूकता कार्यक्रम के बाद पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने रिजर्व पुलिस लाइंस से करीब 400 बाइक सवारों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली 1090 चौराहे तक निकाली गई।