- दो नवंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
उरई (जालौन)। चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया ऑनलाइन किए जाने से पेंशनर्स को हो रही परेशानी के विरोध में सेवानिवृत्त कर्मचारी, शिक्षक एवं पेंशनर्स एसोसिएशन दो नवंबर को रैली निकालेगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष हरगोविंद दयाल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति को ऑनलाइन करने से ग्रामीण क्षेत्र के पेंशनर्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई महीनों से बिल लंबित हैं और साइबर कैफे संचालक भी ऑनलाइन फीडिंग नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने शासनादेश में संशोधन कर ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन व्यवस्था भी लागू करने की मांग की। बैठक में तय हुआ कि दो नवंबर को पेंशनर्स भवन पर आमसभा के बाद रैली निकालकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा। इसमें सभी तहसील शाखाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान संरक्षक लखनलाल अहिरवार, जिलामंत्री रामेश्वर दयाल कुशवाहा, राजाभैया विश्वकर्मा, मानसिंह राजपूत, अनिल कुमार श्रीवास्तव, मंगल सिंह निरंजन, शिवनाथ सिंह कुशवाहा और राजेश कुलश्रेष्ठ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

