नवाबगंज (फर्रुखाबाद)।नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सहसा जगदीशपुर में सड़क पर डामरीकरण का कार्य कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने गाली-गलौज के बाद मजदूरों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। घटना में दो मजदूर घायल हो गए। पीड़ितों ने गुरुवार शाम थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

जनपद एटा के थाना नयागांव क्षेत्र के गांव मझोला निवासी शिवपाल सिंह पुत्र राजाराम बुधवार शाम करीब चार बजे सहसा जगदीशपुर में सड़क पर डामरीकरण का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के दो युवक मौके पर पहुंचे और किसी बात को लेकर शिवपाल के साथ गाली-गलौज करने लगे। शिवपाल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट होते देख शिवपाल के साथी मझोला निवासी सुरजीत सिंह पुत्र महेश चंद्र भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद दोनों पीड़ित गुरुवार शाम नवाबगंज थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले में तहरीर मिली है। जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।