- वकील गयादीन अहिरवार की हत्या के मामले में इंद्रजीत यादव गिरफ्तार

- कानपुर के मोनू यादव पर हत्या की सुपारी लेने का आरोप

जालौन। बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित साजिशकर्ता इंद्रजीत यादव को गिरफ्तार किया है। जांच में हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि इंद्रजीत यादव ने कानपुर निवासी मोनू यादव को गयादीन अहिरवार की हत्या की सुपारी दी थी।

पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश के तहत 10 लाख रुपये की रकम तय की गई थी। मामले में इंद्रजीत यादव की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि गयादीन अहिरवार ने हत्या से पहले अपने विपक्षियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। आरोप है कि उस समय उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें सुरक्षा भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

इस मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिकायत के बाद समय रहते कार्रवाई होती और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती तो क्या इस वारदात को रोका जा सकता था?

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।