- अंतरराष्ट्रीय तस्करी का खुलासा

लखनऊ। राजधानी में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.40 करोड़ रुपये कीमत के 7 बाज बरामद किए हैं। इन पक्षियों को कथित तौर पर खाड़ी देशों में तस्करी कर बेचने की तैयारी थी। एसटीएफ ने मदेयगंज इलाके से आरोपी फिरोज मसर्रत को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी बाजों को लखनऊ से मुंबई के रास्ते खाड़ी देशों तक पहुंचाने की योजना बना रहा था। एसटीएफ को वन्यजीव तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान कुल 7 बाज बरामद किए गए। इनमें 2 चोटी वाले बाज भी शामिल बताए जा रहे हैं। बरामद पक्षियों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई के दौरान वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की टीम भी मौजूद रही। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और वन्यजीव तस्करी का नेटवर्क किन रास्तों से संचालित किया जा रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाजों को मुंबई के रास्ते खाड़ी देशों में बेचने की योजना थी। अब जांच एजेंसियां तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, खरीदारों और अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही हैं।