- सरदार पटेल युवा वाहिनी ने चलाया विशेष सफाई अभियान
- मित्रसेनपुर स्थित प्रतिमा स्थल पर छत, सीढ़ियां और टाइल्स लगवाने का संकल्प
कन्नौज।लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सरदार पटेल युवा वाहिनी, कन्नौज की ओर से स्वच्छता, सम्मान और सामाजिक संकल्प का संदेश दिया गया। वाहिनी के जिलाध्यक्ष डॉ. सुशील पटेल एवं अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष तथा वाहिनी के वरिष्ठ संरक्षक दिनेश कटियार के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत मानपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से हुई। इसके बाद शरीफपुर पहुंचकर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का समापन मित्रसेनपुर स्थित सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा पर सफाई एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मित्रसेनपुर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा के लिए भूमि दान करने वाले पुष्पेंद्र कटियार ने प्रतिमा स्थल पर छत, सीढ़ियों एवं टाइल्स का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। इस पर जिलाध्यक्ष डॉ. सुशील पटेल और वरिष्ठ संरक्षक दिनेश कटियार ने आश्वासन दिया कि आगामी सरदार पटेल जयंती से पहले प्रतिमा स्थल पर आवश्यक निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
वाहिनी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस कार्य को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए इसे पूरा कराने का संकल्प लिया।
डॉ. सुशील पटेल एवं दिनेश कटियार ने महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को समाज तक पहुंचाने तथा उनके स्मारकों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने के साथ उनकी विरासत को सुरक्षित रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से एकता, अखंडता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।

