अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
लखनऊ: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य मे उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा राष्ट्रीय एकता की शपथ एवं "रन फॉर यूनिटी" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता की भावना को सुदृढ़ करना था।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने चारबाग रेलवे स्टेडियम में उपस्थित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया।
शपथ ग्रहण के उपरांत चारबाग रेलवे स्टेडियम से लखनऊ रेलवे स्टेशन तक "रन फॉर यूनिटी" का आयोजन किया गया। इस एकता दौड़ में बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण कराते हुए देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" के संदेश के साथ हुआ। लखनऊ मंडल ने इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।


