कमालगंज संवाददाता।

जमीन-मकान बेचने के नाम पर 19 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कमालगंज पुलिस ने एक दंपति समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव निवासी कासिम खान ने बताया कि गांव के ही कुतुबुद्दीन खान ने अपने हिस्से की दो बीघा जमीन और एक मकान बेचने के लिए 30 लाख रुपये में सौदा तय किया था। यह सौदा जब्बार खान और हारुन की मौजूदगी में हुआ था।

कासिम का आरोप है कि सौदा तय होने पर उसने 5 लाख रुपये बयाने के तौर पर दिए। इसके बाद 25 अप्रैल को दो लोगों की मौजूदगी में 8 लाख रुपये नकद दिए। आरोपी की पत्नी अर्शी के खाते में ऑनलाइन 2 लाख 15 हजार रुपये और कुतुबुद्दीन के खाते में 3 हजार रुपये भेजे। बाद में पत्नी के बीमार होने पर इलाज के नाम पर कुतुबुद्दीन ने 3 लाख 94 हजार रुपये और ले लिए। इस तरह आरोपी ने कुल 19 लाख 12 हजार रुपये ले लिए।

दूसरे व्यक्ति को बेच दी जमीन

कासिम ने आरोप लगाया कि रुपये लेने के बाद कुतुबुद्दीन ने अपनी जमीन और मकान की रजिस्ट्री कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली के समधन निवासी फैजान के नाम कर दी। जब उसने बैनामा करने को कहा तो आरोपियों ने बताया कि जमीन दूसरे को बेच दी है। रुपये वापस मांगने पर इनकार कर दिया।

पीड़ित के अनुसार 6 सितंबर की शाम जब वह दोबारा रुपये मांगने गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।