फर्रुखाबाद। ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शमशाबाद क्षेत्र के तीन गांवों में बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का शुभारंभ किया गया। हवन-पूजन और फीता काटकर समितियों का उद्घाटन किया गया। इस दौरान सहकारी चीनी मिल के उपाध्यक्ष जय गंगवार ने कहा कि समितियां शुरू होने से किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही खाद उपलब्ध हो सकेगी।

कुइयाखेड़ा गांव में फैजबाग मार्ग पर उमंग पेट्रोल पंप के सामने स्थित सहकारी समिति का हवन-पूजन के बाद फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस मौके पर सहकारी चीनी मिल के उपाध्यक्ष जय गंगवार, शमशाबाद सहकारी समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अजय पालीवाल, फर्रुखाबाद कोऑपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक सुनील त्रिपाठी और फर्रुखाबाद-कन्नौज कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा उगरपुर गांव में पहाड़पुर बैरागर मुख्य मार्ग पर विशंभर दयाल की दुकान में सहकारी समिति का उद्घाटन किया गया। वहीं, नगला बसोला के अवधेश राजपूत की सहकारी समिति का चौरा गांव में शुभारंभ हुआ। तीनों समितियों के शुरू होने से आसपास के किसानों को खाद लेने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

शुभारंभ के समय समितियों पर 100 बोरी यूरिया और 300 बोरी डीएपी खाद उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। नगला सेठ के किसान शिवनंदन ने सबसे पहले अंगूठा लगाकर खाद की बोरी प्राप्त की। इसके साथ ही खाद की बिक्री की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में मदारी गंगवार, अवधेश राजपूत, हुकुम सिंह, भुवनेश्वर, अभिषेक और समिति के सचिव राजीव दुबे सहित कई किसान व सहकारिता विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे।