विधानसभा के सामने सीटी बजाकर, घंटा पीटकर और सड़क पर लेटकर जताया विरोध; पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा
लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती के लंबित नियुक्ति मामले को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर राजधानी की सड़कों पर दिखाई दिया। नियुक्ति की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विधानसभा का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शन में महिला अभ्यर्थियों की भी बड़ी भागीदारी रही। अभ्यर्थियों ने विधानसभा के सामने सीटी बजाकर, घंटा पीटकर और सड़क पर लेटकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब तक न्याय नहीं मिला है। आरक्षण से जुड़े मामलों में प्रभावित अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान ओबीसी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अभ्यर्थियों के लिए भी न्याय की आवाज उठाई गई।
दीपावली से पहले नियुक्ति कार्यक्रम जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों ने मांग की कि दीपावली से पहले नियुक्ति का स्पष्ट कार्यक्रम जारी किया जाए, ताकि वर्षों से नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि नवरात्र, दशहरा और करवाचौथ जैसे त्योहार भी आंदोलन और इंतजार के बीच गुजर गए, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ईको गार्डन भेजा
विधानसभा के आसपास प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करते हुए हिरासत में लिया और बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेज दिया। वहां भी अभ्यर्थियों का धरना जारी रहा।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक नियुक्ति को लेकर ठोस निर्णय और समयबद्ध कार्यक्रम घोषित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।




