फर्रुखाबाद। ब्लॉक क्षेत्र के कढ़हार स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में वृद्धजनों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कुल 96 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों के बीपी, वजन, श्वसन, हृदय गति और रक्त में ऑक्सीजन के स्तर की जांच की गई। जांच के बाद रोग के अनुसार मरीजों को मौके पर ही निशुल्क होम्योपैथिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर में पहुंचे वृद्धजनों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, अनिद्रा, पेट संबंधी रोग, एलर्जी, सायटिका, जोड़ों के दर्द और सांस व दमा जैसी समस्याएं पाई गईं। चिकित्साधिकारी ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बुजुर्गों को स्वस्थ रहने के लिए संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि गलत खानपान, अनियमित जीवनशैली और योग व व्यायाम नहीं करने से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में उम्र के अनुसार नियमित शारीरिक गतिविधियां करना और खानपान पर ध्यान देना जरूरी है।
शिविर के दौरान वृद्धजनों को साफ-सफाई के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर का उद्देश्य बुजुर्गों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
