कमालगंज संवाददाता। कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव तड़ौआ निवासी अभिनय सोमवार को दवा लेने के लिए रजीपुर जा रहा था। जैसे ही वह कतरौली पट्टी के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अभिनय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को तुरंत कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ऑटो और ई-रिक्शा
स्थानीय निवासी सब्जी विक्रेता घुरई ने बताया कि उबरीखेड़ा- रजीपुर मार्ग पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही से आए दिन हादसे हो रहे हैं। अधिकांश चालक नाबालिग हैं और बिना लाइसेंस के वाहन दौड़ाते हैं। ओवरलोड सवारी, तेज रफ्तार, बीच सड़क पर अचानक ब्रेक लगाना और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना आम हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक यातायात नियमों को ताक पर रखकर गलत साइड और बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे पीछे से आ रहे वाहन चालकों को संभलने का मौका नहीं मिलता। अभिनय के साथ हुआ हादसा भी इसी लापरवाही का नतीजा है।




