पंजाब के मानसा जिले के बुढलाडा में शुक्रवार सुबह पुलिस विभाग के एक एएसआइ को स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर चिट्टा (हेरोइन) का सेवन करते हुए पकड़ लिया। घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।

गुस्साए लोगों ने विरोध जताते हुए आइटीआइ चौक पर धरना लगा दिया। लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। धरने के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस को लोगों को संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।

बताया गया है कि संबंधित एएसआइ मोहाली का रहने वाला है। उसका डोप टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद पुलिस ने एएसआइ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।