कमालगंज संवाददाता। जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रशीदापुर गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। दोपहर के समय गांव के बाहर स्थित तालाब में डूबने से 18 वर्षीय छात्र अंकित की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रशीदापुर निवासी प्रमोद के पुत्र अंकित (18) शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित तालाब की ओर गए थे। कुछ देर बाद गांव के ही एक बच्चे ने ग्रामीणों को सूचना दी कि अंकित तालाब में डूब रहा है।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अंकित को तालाब से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे एंबुलेंस से कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर विकास पटेल ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर मृतक की मां अमरावती, बहनें करिश्मा, अन्नू और भाई केशव अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

बताया गया है कि मृतक अंकित कक्षा 12 का छात्र था और क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत था।

इस संबंध में कमालगंज थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का है, हालांकि घटनास्थल जहानगंज थाना क्षेत्र की सीमा में आता है। इसकी सूचना जहानगंज पुलिस को दे दी गई है।