हरिनाम सिंह के नेतृत्व में राजधानी में प्रदर्शन, गन्ने का लाभकारी मूल्य और फसल नुकसान के मुआवजे की मांग
लखनऊ। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) ने उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में धरना-प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ में हरिनाम सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान समतामूलक चौराहे के पास पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करने, प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने और फसल बीमा की लंबित धनराशि का भुगतान कराने की मांग उठाई।
किसानों का कहना है कि खेती की बढ़ती लागत और विभिन्न समस्याओं के चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उनका समाधान करना चाहिए।
बीकेयू की ओर से प्रदेश के 18 जिलों में एक साथ धरना आयोजित कर किसानों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। राजधानी में प्रदर्शन के चलते समतामूलक चौराहे के आसपास हलचल बनी रही।



