भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम को लेकर कथित टिप्पणियों से नाराज शिकायतकर्ताओं ने की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
मेरठ। बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी और उनकी खड़े होने की मुद्रा को लेकर कथित टिप्पणी तथा भगवान श्रीराम के संदर्भ में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर कुछ शिकायतकर्ता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और संबंधित बयानों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि सार्वजनिक मंच पर भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर की गई कथित टिप्पणियों से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
शिकायत में कहा गया है कि दोनों आराध्य देव भारतीय संस्कृति और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। इसलिए सार्वजनिक मंचों पर उनके संबंध में की गई टिप्पणियों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि वायरल वीडियो की पूरी रिकॉर्डिंग और उसके वास्तविक संदर्भ की जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।



