फर्रुखाबाद। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सेनापति फर्रुखाबाद में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीप सजाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे दीपों, फूलों, रंगोली और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से विद्यार्थियों ने आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। दीपों की रोशनी और सुंदर सजावट से पूरा विद्यालय परिसर उत्सवमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष शिवविलास त्रिवेदी, प्रबंधक संजीव चौहान और प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में एन.ए.के.पी. डिग्री कॉलेज फर्रुखाबाद के सहायक प्राध्यापक श्री अखिलेश चंद्र पांडेय एवं श्रीमती अंजू पांडेय शामिल रहे।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय देते हुए दीपों को विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों से सजाया। किसी ने फूलों से सुंदर सजावट की तो किसी ने रंगोली और अन्य कलात्मक सामग्रियों के माध्यम से मनमोहक आकृतियां तैयार कीं। विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति रुचि जागृत करना है। इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों में भागीदारी से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में भैया-बहनों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के दौरान प्रदीप अवस्थी ने अतिथियों का परिचय कराया। इस अवसर पर प्रदीप शर्मा, रामानंद पांडेय, कृष्ण कुमार, वीरेश, शिवमोहन, शिवकुमार यादव, प्रदीप सिंह, गोविंद प्रसाद, संजीव, अजय, आर्तिका शुक्ला, प्रियंका, सरला, सोनम, लक्ष्मी, मेनू, वंशिका, शोभित पांडेय, ज्योति, मोहनी और नव्या सहित विद्यालय के अन्य लोग उपस्थित रहे।