हरदोई: हरदोई (Hardoi) जिले में शुक्रवार तड़के बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास एक कार (Car) अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में कार सवार दंपती और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

मृतकों की पहचान रमेश कुमार (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और उनके तीन माह के बच्चे के रूप में हुई है। वहीं, कार में मौजूद आदित्य कुमार पुत्र नरेश सिंह को पुलिस और ग्रामीणों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, रमेश कुमार मूल रूप से हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका परिवार चांद बेहटा में रह रहा था। रमेश हरियाणा के गुड़गांव में काम करते थे और दीपावली का त्योहार मनाने के लिए शुक्रवार तड़के अपनी पत्नी, बच्चे और साथी आदित्य कुमार के साथ कार से गांव लौट रहे थे।

शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे कार बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से आदित्य कुमार को बाहर निकाला गया। वह गंभीर चोटों के कारण अचेत अवस्था में था।

इसके बाद एंबुलेंस से सभी को कन्नौज जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने रमेश कुमार, उनकी पत्नी नीलम और उनके तीन माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। आदित्य कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।