लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) में तेज रफ्तार डंपर (dumper truck) ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो साल के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हादसा नीमगांव थाना क्षेत्र में लखीमपुर-महाकालगंज मार्ग पर शिवाला तिराहे के पास हुआ। डंपर में मोरंग लदी थी और वह कस्ता की ओर से आ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवाला तिराहे पर एक परिवार के चार लोग बाइक के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान कस्ता की तरफ से तेज रफ्तार डंपर आया। डंपर ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहिनी (24), उनके दो साल के बेटे अभ्यांश और खुशबू (20) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर रोने-बिलखने लगे, एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक का माहौल है।

हादसे में अरविंद घायल हुए हैं। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, घायल का इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर मितौली दिलीप कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।