फर्रुखाबाद में धान के लिए 15 और मक्का-बाजरा खरीद के लिए 10 क्रय केंद्र संचालित, जिलाधिकारी ने किसानों से पंजीकरण कराने की अपील की
फर्रुखाबाद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मोटे अनाज एवं धान की सरकारी खरीद को लेकर खाद्य विभाग ने किसानों को बड़ी राहत दी है। शासन स्तर से जारी खरीद नीति के तहत किसानों के पंजीकरण में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रैली सिंह ने बताया कि किसान अब अपनी बोई गई फसल का चयन स्वयं करते हुए पंजीकरण करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व में पंजीकरण के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल से प्राप्त आंकड़ों और किसानों की वास्तविक बोई गई फसल के विवरण में अंतर होने के कारण समस्या आ रही थी। इसके अलावा फसल सर्वे की रिपोर्ट उपलब्ध न होने अथवा उसमें त्रुटिपूर्ण आंकड़े दर्ज होने से भी किसान खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण नहीं करा पा रहे थे।
शासन के निर्देश पर 2 नवंबर 2026 से पूर्व पंजीकरण व्यवस्था में आ रही इन समस्याओं का समाधान किया गया है। अब किसान अपनी बोई गई फसल का स्वयं चयन कर पंजीकरण करा सकेंगे। इसके बाद एग्रीस्टैक पोर्टल से प्राप्त फसल के आंकड़ों और किसान द्वारा दर्ज किए गए विवरण का मिलान किया जाएगा।
फसल के आंकड़ों का मिलान होने पर संबंधित गाटा का सत्यापन स्वतः हो जाएगा। वहीं आंकड़ों में अंतर होने की स्थिति में लेखपाल, तहसीलदार, उपजिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी स्तर से सत्यापन कराया जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में मक्का एवं बाजरा की खरीद के लिए 5-5 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा धान खरीद के लिए कुल 15 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 6 और पीसीएफ संस्था के 9 क्रय केंद्र शामिल हैं। सभी क्रय केंद्र क्रियाशील हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि सरकारी खरीद का लाभ लेने के लिए अपना पंजीकरण कराएं। अधिक जानकारी के लिए किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित क्रय केंद्रों पर तैनात विपणन निरीक्षकों से संपर्क कर सकते हैं।


