मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) में भाजपा से विधानसभा टिकट (Assembly ticket) की दावेदारी करने पहुंचे सहकारी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन राजबीर कश्यप की अचानक मौत हो गई। वह पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पर समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह बाथरूम में अचेत अवस्था में मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट फेल होना बताई जा रही है।
राजबीर कश्यप मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा सीट से भाजपा का टिकट मांग रहे थे। सोमवार (2 नवंबर 2026) सुबह करीब 11 बजे वह अपने भाई, बेटे और गांव के कुछ लोगों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अपना बायोडाटा सौंपा और टिकट के लिए दावेदारी पेश की।
जिलाध्यक्ष से मुलाकात के बाद राजबीर कश्यप अपने समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान से हुई। इस दौरान चरथावल सीट से टिकट को लेकर बातचीत चल रही थी।
बातचीत के बीच राजबीर कश्यप बाथरूम जाने की बात कहकर उठे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो साथ आए लोगों ने उन्हें आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद गांव का एक व्यक्ति बाथरूम में देखने पहुंचा। वहां राजबीर कश्यप अचेत अवस्था में पड़े मिले। इससे आवास पर अफरा-तफरी मच गई।
लोग उन्हें तुरंत SKB आरोग्यम अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक छा गया। परिजन शव लेकर लच्छेड़ा गांव पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।


