- अजीतमल पुलिस ने 107.299 ग्राम सोने के आभूषण किए बरामद,चोरी में प्रयुक्त बेलचा भी मिला।
- कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस को मिली बड़ी सफलता।
औरैया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अजीतमल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अजीतमल क्षेत्र में हुई लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए वारदात में शामिल 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक पर अपने ही चाचा के घर से सोने के जेवर चोरी करने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल 107.299 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया बेलचा भी पुलिस ने बरामद किया है।
इस पूरी कार्रवाई में अजीतमल कोतवाली पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संयुक्त टीम ने आपसी समन्वय, सटीक सूचना संकलन और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए चोरी की घटना का खुलासा किया। इस सफलता का विशेष श्रेय अजीतमल कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा के कुशल नेतृत्व, सक्रिय कार्यशैली और अपराध नियंत्रण के प्रति उनकी गंभीरता को जाता है। उनके निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की और चोरी गए कीमती आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित की। अजीतमल पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए एक स्पष्ट संदेश है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने वाली भी है। विशेष रूप से पारिवारिक संबंधों की आड़ में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों के विरुद्ध पुलिस की तत्परता सराहनीय है। अपराध नियंत्रण की दिशा में अजीतमल पुलिस की यह बड़ी कामयाबी है।



