बाराबंकी में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद
बाराबंकी। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम दुल्हदेपुर के पास पुलिस ने बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से आरक्षी अभिषेक की हथेली घायल हो गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीतापुर जिले के सिद्धौली थाना क्षेत्र के वाड़ी निवासी राहुल दीक्षित के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दूसरे आरोपी की पहचान रामसनेहीघाट के गढ़ी मजरे मऊ गौरपुर निवासी सौरभ कुमार वर्मा के रूप में हुई है, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम था।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से .315 और .12 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की काली स्कूटी बरामद की है। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों और सिपाही को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट भेजा गया।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



