क्रासर

तीसरी मंजिल पर आग ने लिया विकराल रूप, दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू; सात सिलाई मशीनें और कपड़ा जलकर राख

फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के महावीरगंज द्वितीय में देर रात एक सिलाई कारखाने में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कारखाने में सो रहा एक कारीगर आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कारखाने में रखी सात सिलाई मशीनें और बड़ी मात्रा में कपड़ा जलकर राख हो गया। कारखाना मालिक को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के महावीरगंज द्वितीय निवासी राजेंद्र सिंह शिखरवार के मकान की तीसरी मंजिल पर सिलाई का कारखाना संचालित होता है। थाना गाजीपुर क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी धीरज उनके कारखाने में कारीगर के रूप में काम करता है। बताया गया कि धीरज शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे काम समाप्त करने के बाद कारखाने में ही सो गया था।

रात करीब दो बजे अचानक कारखाने में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कारखाने में सो रहा धीरज आग की चपेट में आकर झुलस गया। आग और धुएं को देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। कारखाना मालिक राजेंद्र सिंह की भतीजी कुसुम ने तत्काल दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कारखाने में रखी सात सिलाई मशीनें और कपड़ा जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से कारीगर धीरज भी झुलस गया। घटना के बाद कारखाना मालिक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। देर रात हुई इस घटना से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।