क्रासर

फतेहगढ़ के ग्वालटोली मोहल्ले में वारदात से मचा हड़कंप, पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार

फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ग्वालटोली में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर सब्जी काटने वाले चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी के पेट पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने पहुंचे पड़ोसी युवक को भी आरोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला ग्वालटोली निवासी वंदना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति अमित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में ठेकेदारी पर सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता है। आरोप है कि अमित आए दिन शराब पीकर घर पहुंचता है और उसके साथ मारपीट तथा गाली-गलौज करता है। गुरुवार शाम को भी अमित शराब के नशे में घर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। जब वंदना ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने आपा खो दिया और घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

अचानक हुए हमले से वंदना लहूलुहान होकर चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला प्रदीप उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा। आरोप है कि गुस्से में बेकाबू अमित ने प्रदीप पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप की उंगलियां घायल हो गईं। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाया गया।

वंदना का आरोप है कि मेडिकल परीक्षण होने के बावजूद फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। पीड़िता ने कोतवाली प्रभारी विजय सिंह से कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर पीड़िता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।