112 पर सूचना देने के बावजूद मदद नहीं मिलने का आरोप, भूपेंद्र समेत 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आगरा। आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर खंदौली क्षेत्र के मई चौराहे के पास अलीगढ़ में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अली मुस्तफा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। बाइक सवार ने कथित तौर पर अपने 30 से 40 साथियों को बुला लिया। इसके बाद न्यायिक अधिकारी, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की गई। हमलावरों ने कार का पिछला शीशा तोड़ दिया और उसमें आग लगाने का प्रयास भी किया।

प्राथमिकी के अनुसार, अलीगढ़ न्यायालय की कोर्ट संख्या-5 में तैनात अपर जिला जज अली मुस्तफा 24 अक्टूबर को अपने माता-पिता और गनर के साथ लखनऊ से अलीगढ़ जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली इंटरचेंज से उतरकर वह आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर पहुंचे। मई चौराहे के पास जवाहर इंटर कॉलेज के सामने एक बाइक सवार ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

शिकायत के मुताबिक, टक्कर के बाद अली मुस्तफा ने बाइक सवार को सावधानी से वाहन चलाने के लिए समझाया। आरोप है कि इस पर युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही देर में अपने 30 से 40 साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद न्यायिक अधिकारी, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की गई।

शिकायत में कहा गया है कि मारपीट के दौरान अली मुस्तफा के पिता गुलाम मुस्तफा की नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में चोटें आईं। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी और कार में आग लगाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर अली मुस्तफा ने किसी तरह कार वहां से निकालकर परिवार की सुरक्षा की। इस दौरान कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया गया।

अली मुस्तफा के अनुसार, उन्होंने घटना के दौरान आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर पुलिस से सहायता मांगी, लेकिन मौके पर मदद नहीं पहुंची। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी को फोन करके पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी भूपेंद्र और करीब 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से अन्य आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।