फर्रुखाबाद। दीपावली के त्योहार को देखते हुए अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार रात सीओ सिटी अभय वर्मा ने थाना कादरीगेट पुलिस बल के साथ बढ़पुर और विकास नगर मोहल्ले में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान बढ़पुर मोहल्ले के एक मकान से चार कार्टन अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर सील कर दिया और थाने भिजवा दिया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि बढ़पुर मोहल्ले में एक मकान के अंदर बड़ी मात्रा में अवैध आतिशबाजी का भंडारण किया गया है। सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा पुलिस टीम के साथ अनोखेलाल के सामने वाली गली में पहुंचे। यहां संकरी गली के अंदर बने एक मकान में पुलिस ने छापेमारी की। बताया गया कि मकान के अंदर मौजूद व्यक्ति ने शुरुआत में दो बार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा प्रयास कर दरवाजा खुलवाया और मकान की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मकान के सबसे पीछे बने कमरे में चार गत्तों में रखे पटाखे बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आतिशबाजी का अवैध रूप से भंडारण किया गया था। इसके बाद पुलिस ने सभी पटाखों को कब्जे में लेकर सील कर दिया और थाने भिजवा दिया। बरामदगी के बाद संबंधित मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसके बाद पुलिस टीम को विकास नगर मोहल्ले में भी दो मकानों में अवैध रूप से पटाखे रखे होने की सूचना मिली। इस पर सीओ सिटी अभय वर्मा ने पुलिस बल के साथ वहां भी छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों मकानों के मुख्य दरवाजों पर ताला लगा मिला। मकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में पुलिस को वहां से कोई बरामदगी नहीं हो सकी और सूचना की पुष्टि भी नहीं हो पाई।

सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ घरों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। इस पर स्थानीय थाना कादरीगेट पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। बढ़पुर स्थित मकान से चार कार्टन पटाखे बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर सील कर दिया गया है। विकास नगर में भी सूचना के आधार पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन मकान के गेट पर ताला लगा होने के कारण वहां जांच और कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।