फिरोजाबाद। नर्सिंग छात्रा प्रीति की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। न्याय दिलाने की मांग पर परिजनों ने रातभर धरना दिया। मैनपुरी में दफनाए गए शव को लेकर परिजन फिरोजाबाद जिला मुख्यालय पहुंच गए और मुख्य गेट पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने छात्रा की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना था कि जब तक प्रीति को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मामले में कॉलेज प्रबंधक यश और उनके पिता सुरेश दक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रीति थाना मटसेना क्षेत्र स्थित एक नर्सिंग स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। छात्रा की मौत के बाद से ही मामला लगातार चर्चा में है।
जिला मुख्यालय के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने के बाद पुलिस ने परिजनों से शव लेकर अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही।
परिजनों ने स्पष्ट किया है कि केवल मुकदमा दर्ज होने से उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। वे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई चाहते हैं।




