- प्रदेश में 17,542 करोड़ से बनेंगे चार लिंक एक्सप्रेसवे

- तीन साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

- मुख्यमंत्री की सहमति के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दी जिले को अनुपम सौगात

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के दो पैकेज सहित चार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के विकासकर्ताओं के चयन को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं पर करीब 17,542.06 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

कैबिनेट के फैसले में फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के साथ झांसी लिंक एक्सप्रेसवे, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली परियोजना शामिल है।

इन परियोजनाओं का निर्माण लगभग तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण के बाद पांच वर्षों तक अनुरक्षण की व्यवस्था भी होगी। पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से जिले की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने और आसपास के क्षेत्रों से आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी लाभ मिल सकता है। हालांकि, एक्सप्रेसवे के निर्धारित मार्ग, लंबाई और जिले के किन गांवों से गुजरने संबंधी विस्तृत जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

सरकार के अनुसार, चारों परियोजनाओं के निर्माण से लगभग 760 लाख मानव दिवस के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत करना और यातायात को अधिक सुविधाजनक बनाना है।