लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है। उन्होंने अमित शाह के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।” अखिलेश के इस बयान को भाजपा की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

अमित शाह के लखनऊ दौरे के दौरान भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होनी है। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

वहीं, अखिलेश यादव ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने की बात कही है। इस रैली में विपक्षी दलों के नेता चुनाव आयोग और एसआईआर से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखेंगे।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ही अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर रही हैं। अमित शाह का लखनऊ दौरा और अखिलेश यादव की दिल्ली रैली में भागीदारी के बीच प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और सियासी हलचल तेज होने के आसार हैं।