गाजियाबाद। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को यूपी बॉर्डर पर पुलिस ने रोक लिया। साहिबाबाद बॉर्डर पर पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को दिल्ली की तरफ जाने से रोका गया। इसके बाद मौके पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई।

पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने यूपी बॉर्डर पर ही बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने रैली में शामिल होने की मांग करते हुए पुलिस की कार्रवाई पर विरोध जताया। इस दौरान काफी देर तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा।

इसके बाद कुछ सपा नेता और कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिसकर्मियों ने प्रयास किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

गौरतलब है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की गई है, जिसमें विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। रैली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यूपी बॉर्डर पर हुए इस घटनाक्रम के बाद इलाके में पुलिस सतर्क रही।