नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने रविवार को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया है। इस कार्यक्रम में INDIA ब्लॉक के विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद और नेता शामिल होने जा रहे हैं। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इस प्रदर्शन के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करने की तैयारी की है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसद दिल्ली में मार्च के लिए रवाना हुए। सांसदों का यह मार्च रामलीला मैदान तक पहुंचेगा, जहां विपक्षी दलों की रैली आयोजित की जा रही है। इस दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किए जाने की संभावना है।

इस रैली को कांग्रेस के अलावा ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी खेमे की कई राजनीतिक पार्टियों ने समर्थन दिया है। विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सभी दल एकजुट होकर अपनी आवाज उठाना चाहते हैं।

रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली को विपक्षी एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग उठाई जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन के जरिए विपक्ष केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश करेगा।