आईजीआरएस रैंकिंग सुधारने के निर्देश, किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने और लक्ष्य पूरा न करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं, राजस्व वसूली और जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों और पोर्टल तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। उन्होंने तहसीलदारों, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाए। साथ ही विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।

एग्रीस्टेक एवं फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत किसानों की डिजिटल आईडी बनाने की प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तहसील और विकासखंड स्तर पर लेखपालों तथा पंचायत सहायकों की जवाबदेही निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता से पूरी कराई जाए। लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मासिक और वार्षिक लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने बकायेदारों से नियमानुसार वसूली तेज करने और लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्तियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिन विभागों की प्रगति कमजोर है, उन्हें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरे करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, एसडीएम अमृतपुर श्वेता साहू, एसडीएम कायमगंज अभिषेक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं तहसीलदार मौजूद रहे।