बाग लकुला, पिथनापुर और रतनपुर पामरान की दुकानों पर पहुंची आबकारी टीम, अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी
फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार को विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 एवं क्षेत्र-3 ने अपनी टीम के साथ बाग लकुला, पिथनापुर और रतनपुर पामरान स्थित शराब दुकानों की जांच की। इस दौरान बाग लकुला और पिथनापुर की कंपोजिट दुकानों के साथ बाग लकुला, रतनपुर पामरान और पिथनापुर की देशी मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। दुकानों में उपलब्ध शराब का मिलान अभिलेखों में दर्ज स्टॉक से किया गया। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

