क्रासर

पूर्व प्रधान और उनके परिजनों पर मारपीट का आरोप, खेत से घर लौटते समय युवक को बनाया निशाना; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम जनैया सठैया में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गांव के 35 वर्षीय कमलेश राजपूत की कथित रूप से लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना में गांव के पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य और उनके परिजनों पर आरोप लगाए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश राजपूत पुत्र श्याम बिहारी निवासी जनैया सठैया का बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर गांव के पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य से विवाद हो गया था। बताया जाता है कि उस समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के कुछ घंटे बाद मामला उस समय गंभीर हो गया, जब कमलेश खेत से काम निपटाकर अपने घर लौट रहा था।

आरोप है कि घर के समीप पहुंचते ही पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य और उनके परिजनों ने कमलेश को घेर लिया। इसके बाद उस पर लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया गया। हमलावरों की मारपीट से कमलेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि वह उठने की स्थिति में नहीं रहा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

इधर, कमलेश के काफी देर तक घर नहीं पहुंचने और उसके घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिलने पर पिता श्याम बिहारी घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे को अचेत अवस्था में देखकर उन्होंने पहले यही समझा कि वह किसी कारणवश गिरकर बेहोश हो गया है। पिता अपने बेटे को बाइक पर बैठाकर घर ले आए, लेकिन कुछ ही देर में कमलेश की मौत होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जब परिजनों ने कमलेश के शरीर और कपड़ों को ध्यान से देखा तो उस पर चोटों के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पिता को पता चला कि कमलेश के साथ मारपीट की गई थी। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल तथा मृतक के घर पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी, थाना मऊदरवाजा के थानाध्यक्ष रामसहाय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतक के पिता श्याम बिहारी को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया है। वहीं, घटना के बाद पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य और उनके परिजनों के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र राजपूत ने मृतक के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में युवक की हत्या को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।